चंबा। पेंशनर्स वेल्फेयर एसोसिएशन जिला खंड इकाई ने सरकार से एरियर और महंगाई भत्ते की बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पीसी ओवराय ने कहा कि भले ही वर्तमान सरकार पर पूर्व सरकार ने 75 हजार करोड़ का कर्ज और लगभग 12 हजार करोड़ कर्मचारियों और पेंशनर्स की देनदारी छोड़ी है लेकिन वर्तमान सरकार पेंशनर्स की देनदारी को देने के लिए शीघ्र ऐसे प्रभावी कदम उठाए जिससे पेंशनर्स अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर राहत महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2016 के बाद के पेंशनर्स की पेंशन रिवाइज नहीं हुई है।
यदि महालेखाकार शिमला इस पेंशन को रिवाइज करने में असमर्थ हैं तो ऐसी शक्तियां जिला कोषाधिकारियों को दी जाएं जिससे एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शीघ्र वित्त लाभ मिल पाएं। शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित डे-केयर सेंटर में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेल्फेयर एसोसिएशन जिला खंड इकाई चंबा की बैठक हुई। इसमें सर्वप्रथम सभी पेंशनर्स का जिला प्रधान ने स्वागत किया और आग्रह किया कि पेंशनर्स समाज को एकजुट होकर अपनी जायज मांगों को समय-समय पर सरकार के समक्ष मांग उठाते रहना चाहिए। बैठक में करतार बड़ोत्रा, मेला राम शर्मा, शक्ति प्रसाद शर्मा, पीएल ठज्ञकुर, कर्म चंद चंद्रा, दर्शन कुमार, वीरेंद्र सिंह, तजवीज सिंह पठानिया, खुशहाल बख्शी, एसके गुप्ता, टीआर महाजन, प्रेम सिंह, भीमसेन, लेखराज, एमएल कश्मीरी, लक्ष्मी चंद ठाकुर, कैलाश कोमरॉय, लाल चंद, ओम प्रकाश, चमन सिंह कालिया आदि मौजूद रहे।