मेडिकल कॉलेज समेत जिले के 45 स्वास्थ्य केंद्रों में जांच व्यवस्था प्रभावित, मरीजों को निजी लैब में खर्च करने पड़ रहे पैसे
कंपनी ने लंबित भुगतान का हवाला देकर रोकी सेवाएं, बकाया राशि 110 करोड़ रुपये होने का दावा
सरकारी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के बाद मरीज को उम्मीद रहती है कि जरूरी जांच भी वहीं हो जाएगी और इलाज आगे बढ़ सकेगा, लेकिन चंबा में इन दिनों मरीजों को इलाज की इस प्रक्रिया में एक और परेशानी से गुजरना पड़ रहा है।
डॉक्टर की पर्ची हाथ में लेकर क्रस्ना लैब पहुंच रहे मरीजों को बिना जांच करवाए लौटना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज से लेकर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक मुफ्त जांच की सुविधा ठप होने से मरीजों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। मजबूरी में लोग निजी लैबों का रुख कर रहे हैं, जहां उन्हीं जांचों के लिए पैसे चुकाने पड़ रहे हैं जो सरकारी व्यवस्था के तहत निशुल्क होती थीं।
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा की क्रस्ना लैब में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक 24 घंटे जांच सुविधा देने वाली लैब में मरीजों के नमूने नहीं लिए जा रहे थे। कंपनी प्रबंधन के निर्देश पर कर्मचारी मरीजों को जांच से मना कर रहे थे। इस कारण लैब के बाहर पहुंचे मरीजों को निराश होकर दूसरी जगह जाना पड़ा। इलाज की जल्दबाजी में कई मरीजों ने विरोध करने के बजाय निजी लैब में जांच करवाना ही बेहतर समझा।
दोपहर 12 बजे शिमला से चंबा आईं पुष्पा देवी पेट दर्द की शिकायत लेकर डॉक्टर के पास पहुंची थीं। चिकित्सक ने उन्हें जरूरी जांच लिखी थी। जब वह पर्ची लेकर क्रस्ना लैब पहुंचीं तो कर्मचारियों ने जांच करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि अब उन्हें निजी लैब में पैसे देकर टेस्ट करवाने पड़ेंगे। इसी तरह साहो से अपनी माता का उपचार करवाने पहुंचे खेमराज को भी जांच के लिए निजी लैब जाना पड़ा। दोपहर एक बजे तीसा से आईं सीमा कुमारी ने बताया कि क्रस्ना लैब में निशुल्क होने वाला टेस्ट उन्हें निजी लैब में 500 रुपये देकर करवाना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज की क्रस्ना लैब में रोजाना करीब 300 मरीजों के 150 प्रकार के टेस्ट निशुल्क किए जाते हैं। इनका भुगतान सरकार की ओर से कंपनी को किया जाता है। सेवाएं बंद होने से मरीजों को जेब से खर्च करना पड़ रहा है। सरकारी लैब में भी विटामिन डी और बी समेत कई अन्य जांचों की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों के सामने निजी लैब के अलावा सीमित विकल्प रह गए हैं।
45 स्वास्थ्य केंद्रों में भी नमूने लेने बंद
इसका असर केवल मेडिकल कॉलेज तक सीमित नहीं है। जिले के 45 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी क्रस्ना लैब के माध्यम से खून के नमूने एकत्रित करने की व्यवस्था बंद हो गई है। इन केंद्रों से रोजाना करीब 200 मरीजों के नमूने लिए जाते थे। इन्हें जांच के लिए जिला मुख्यालय भेजा जाता था और रिपोर्ट मोबाइल फोन पर उपलब्ध करवाई जाती थी। अब ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी जांच के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।
एक साल से भुगतान नहीं मिलने का हवाला
कंपनी ने प्रबंधन को दिए सूचना पत्र में प्रदेशभर में करीब एक साल से भुगतान नहीं मिलने की बात कही है। कंपनी का दावा है कि उसका करीब 110 करोड़ रुपये बकाया है। भुगतान होने के बाद ही सेवाएं दोबारा शुरू करने की बात कही गई है। ऐसे में कंपनी और सरकार के बीच भुगतान का विवाद सीधे मरीजों की जांच व्यवस्था पर भारी पड़ रहा है।
क्रस्ना लैब की सेवाएं बंद होने से समस्या आई है। हालांकि, सरकारी लैब में मरीजों के टेस्ट किए जा रहे हैं। - डॉ. प्रदीप सिंह, चिकित्सा अधीक्षक
सभी बीएमओ को निर्देश दिए हैं कि अपने संस्थानों के नजदीक उपलब्ध सरकारी लैब में मरीजों की जांच करवाने की व्यवस्था करें। मरीजों को जांच के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। - डॉ. जालम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी