चौगान में बना फैन पार्क, बच्चों के लिए फ्री गेमिंग सहित जंपिंग झूले की सुविधा
चौगान में निकलेगा लक्की ड्रा, विजेताओं को मिलेगी मुंबई और पंजाब की जर्सी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चौगान में आईपीएल मैचों के लिए बने फैन पार्क में दस हजार लोग एक साथ मैच देख सकेंगे। यह जानकारी एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने चंबा में पत्रकारवार्ता के दौरान दी।
उनके साथ आईपीएल के एग्जीक्यूटिव मैनेजर मीत भी मौजूद रहे। शर्मा ने बताया कि चौगान में बच्चों के लिए फ्री गेमिंग के साथ जंपिंग झूलों की भी व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा चौगान में आने वाले दर्शकों के लिए लक्की ड्रा भी रहेगा। चौगान में एंट्री करने वाले लोगों को दो पर्चियां दी जाएंगी। एक प्रतिभागी के पास रहेगी और एक चौगान में रखे बॉक्स में प्रतिभागी डालेंगे। मैच के अंत पर लक्की ड्रा निकाला जाएगा और दो विजेता प्रतिभागियों को आईपीएल खिलाड़ियों के हस्ताक्षरित मुंबई और पंजाब की जर्सी दी जाएगी। चौगान में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुर्सियों की भी व्यवस्था की जाएगी। खान पान के लिए स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगेंगे। उन्होंने समस्त जिला वासियों से आह्वान किया है कि इस अवसर का लाभ उठाएं। इसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा। संवाद