जगत पंचायत के मटौर नाला में गिरा हिमखंड। स्त्रोंत जागरूक पाठक
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की कुमार पंचायत में हिमखंड गिरने से दस घरों समेत एक स्वास्थ्य उपकेंद्र भी बर्फ में दब गए। इसके अलावा बीएसएनएल टावर का पैनल भी हिमखंड की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। पंचायत उपप्रधान ने मकानों में रहने वाले परिवारों को गांव में ही सुरक्षित जगह शिफ्ट करवा दिया है। यहां उनके खाने और रहने की व्यवस्था की गई है। हालांकि, प्रशासन की तरफ से कुमार पंचायत में कोई भी राहत और बचाव कार्य के लिए टीम नहीं पहुंची है। कुमार पंचायत 150 सेंमी बर्फबारी होने से पांगी घाटी से पूरी तरह से कट चुकी है। शुक्रवार दोपहर के समय कुमार पंचायत के कुकडोलू गांव में हिमखंड गिरा। पहाड़ से बर्फ की नदी बहते हुए गांव की तरफ आ गई। खतरे का आभास होते ही गांव में रहने वाले दस परिवारों ने अपने मकान छोड़ दिए। हालांकि, दो लोग ग्लेशियर की चपेट में आने से बाल-बाल बचे और एक व्यक्ति बर्फ में कुछ दूरी तक बह गया जिसे स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से बचाया। पंचायत उपप्रधान मान सिंह ने बताया कि प्रशासन से मांग की गई है कि प्रभावित परिवारों की मदद के लिए उचित कदम उठाए जाएं। कार्यकारी आवासीय आयुक्त रमन घरसंगी ने बताया कि प्रशासन की तरफ से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।