मणिमहेश यात्रा के दौरान हड़सर से डलझील तक सजती हैं दुकानें
डलझील में बनाई गई अवैध दुकानों को शीघ्र हटाया जाएगा : विकास
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। एडीएम विकास शर्मा की अध्यक्षता में दुकानदारों और हड़सर के पुजारियों की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें उन्होंने बताया कि हड़सर से डल झील तक जो भी दुकानें लगाई जाती हैं, वे एनजीटी के निर्देशानुसार ही लगाई जाएंगी। इसकी अनुमति डीएफओ कार्यालय से लेना अनिवार्य होगा। साथ ही दुकानदारों से स्वच्छता शुल्क भी डीएफओ कार्यालय लेगा।
उन्होंने कहा कि हड़सर से डल झील तक पिछली बरसात में जहां-जहां रास्ता क्षतिग्रस्त हुआ था, उसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। डल झील के आसपास जो भी अवैध दुकानें लगाई जाती हैं, उन्हें हटाया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भरमौर से हड़सर तक जहां भी रास्ता भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है, उसे जल्द ठीक करें। दुनाली और धनछौ में डीएफओ और लोक निर्माण विभाग की ओर से लकड़ी के पुल बनाए जाएंगे जो पिछले बरसात में क्षतिग्रस्त हुए थे। उन्होंने हड़सर के पुजारियों से मणिमहेश यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के सुझाव भी लिए, जिसको आगामी यात्रा के दौरान अमल में लाया जाएगा।