तेलका (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय तेलका में सड़क सुरक्षा सप्ताह विषय पर कार्यक्रम करवाया गया। इसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. उपेंद्र गुप्ता ने की।
परिवहन निगम चंबा के सड़क सुरक्षा कार्यक्रम प्रभारी अमित कुमार, पुलिस चौकी तेलका के मुख्य आरक्षी लियाकत खान स्रोत व्यक्ति के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम के शुभारंभ पर कॉलेज प्रशासन ने मुख्य अतिथि को बैज लगाकर सम्मानित किया। इसके बाद स्रोत व्यक्ति अमित कुमार ने छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओवरस्पीड, शराब पीकर गाड़ी चलाने और गलत साइड से ओवरटेक करने से दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने नाबालिग बच्चों से वाहन न चलाने की अपील की। कहा कि सड़क पार करते समय साइन बोर्ड देखकर चलें। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने और सजा के बारे में भी बताया। प्रधानाचार्य, स्टाफ और मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यवाहक प्राचार्य ने बताया कि तेलका बाजार में पुलिस विभाग के साथ मिलकर लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को कानूनी जागरूकता, रोड सेफ्टी, सड़क सुरक्षा, ड्रग्स और आत्मानुशासन के विषय में जानकारी दी गई। राजेश कुमार, अमित कुमार, पुलिस चौकी तेलका के मुहम्मद खान, एसपीओ रमेश कुमार, कालेज प्रोफेसर राहुल कंवर, केहर सिंह और राहुल मेहरा आदि मौजूद रहे।