चंबा। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दड्डा के पास ओएफसी कटने से जिला मुख्यालय में इंटरनेट सुविधा शुक्रवार दोपहर बाद 3:00 बजे पटरी से उतर गई। एक घंटे तक दूरसंचार सेवाएं बाधित होने से प्रशासनिक, सरकारी कार्यालयों, बैंकों, डाकघर और साइबर कैफे में काफी हद तक कार्य प्रभावित रहा। काफी देर तक इंटरनेट सेवाएं सुचारु न होने की वजह से विभागीय कार्यालयों में अपने कामकाज के सिलसिले में पहुंचने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। आखिरकार सायं चार बजे के बाद इंटरनेट सेवाएं सुचारु हो पाईं। इससे कुछ अदद लोगों को राहत मिली।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय में शुक्रवार को इंटरनेट सुविधा बंद पड़ जाने से लोगों को लेन-देन करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही ऑनलाइन कार्यों का निपटान करने में भी परेशानी हुई। हाकम चंद, अशोक कुमार, प्रीतम चंद, नरेश कुमार, प्रवीण कुमार, सुरजीत कुमार, शक्ति प्रसाद आदि ने बताया कि शुक्रवार को इंटरनेट सेवा बंद पड़ जाने से वे ऑनलाइन अपने प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन तक नहीं कर पाए। ऐसे में उन्हें निराश होकर अपने घरों को लौटना पड़ा। अब शनिवार को दोबारा दस्तावेज बनवाने के लिए साइबर कैफे और तहसीलदार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे। लोगों ने बीएसएनएल प्रबंधन से लचर सेवाओं को दुरुस्त करवाने की मांग की है।
बीएसएनएल के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि दड्डा में ओएफसी कटने से यह समस्या पेश आई। बहरहाल दूसरी लाइन से सेवाओं को सुचारु करवाया गया।