चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में विंटर क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को बगोड़ी इलेवन और तनोहला इलेवन के मध्य क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें तनोहला की टीम ने 40 रन से जीत हासिल की।
टॉस जीत कर तनोहला इलेवन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 120 रन बनाए। इसमें अनिल ने दो छक्कों और तीन चौकों की मदद से 45 रन का योगदान अपनी टीम के लिए दिया। वहीं, बगोड़ी इलेवन टीम की ओर से शंकर ने तीन विकेट और मनोज ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बगोड़ी इलेवन की टीम 80 रन पर ही सिमट गई। अपनी टीम के खाते में मनोज ने 25 रन जोड़े। तनोहला इलेवन की टीम से सोनू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार खिलाड़ियों को पैवेलियन का रास्ता दिखाया।