चंबा। मिंजर मेले के दौरान तीन नंबर चौगान में मनाेरंजन लोगों की जान को दांव पर रखकर करवाया जा रहा है। यहां चौगान की क्षमता से अधिक झूले लगाए गए हैं। इससे चौगान में लोगों की आवाजाही के लिए रास्ता तक नहीं बचा है। इतना ही नहीं झूलों को संचालित करने वाला इंजन रास्ते में ही लगा दिया गया है जो किसी भी समय छोटे बच्चों या बड़ों के लिए हादसे कारण बन सकता है। जब इंजन चलता है तो उससे आग की चिंगारी निकलती है। शाम के समय झूलों का आनंद लेने के लिए लोग अपने परिवार के साथ चौगान में पहुंच रहे हैं जहां पर उनके चलने के लिए नाम मात्र जगह होती है जबकि टेंडर के दौरान प्रशासन ने ठेकेदार को लोगों की आवाजाही के लिए खुला रास्ता छोड़ने के निर्देश दिए थे। लोगों ने नागरिक उपमंडल अधिकारी से मांग की है कि चौगान में लोगों की आवाजाही के लिए खुले रास्ते बनाए जाएं।
नागरिक उपमंडल अधिकारी अरुण शर्मा ने बताया कि ठेकेदार ने रास्ते में जो झूला लगाया है उसे उखाड़ने के लिए ठेकेदार को आदेश जारी कर दिए गए हैं।