मैहला खड्ड पर बने झूला पुल को पार करते ग्रामीण।
- फोटो : Chamba
चंबा। मैहला खड्ड पर बना झूला पुल हादसों को न्योता दे रहा है। लंबे समय से पुल की मरम्मत नहीं की गई है। आलम यह है कि झूला पुल में इस्तेमाल की गई लकड़ी, तख्ते और पुल के किनारों पर लगी लकड़ी भी गल-सड़ चुकी है। ऐसे में समय रहते यदि पुल की मरम्मत नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकत है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त डीसी राणा को ज्ञापन सौंपा और वन विभाग से झूला पुल की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों चमन सिंह, इंद्र सिंह, नवदीप चरण, ज्ञान चंद, चमन सिंह और मान सिंह ने बताया कि झूला पुल से होकर लोग मैहला के लिए आवाजाही करते हैं। उन्होंने बताया कि झूला पुल का निर्माण वन विभाग ने किया है। इसकी मरम्मत का जिम्मा भी वन विभाग का है, लेकिन लंबे समय से पुल की मरम्मत नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को झूला पुल के बीच की एक लकड़ी की कड़ी टूटने से चार-पांच तख्ते भी टूट गए हैं। इसके चलते झूला पुल से आवाजाही करने में विशेषकर बच्चे, बुजुर्गों आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।