चुवाड़ी (चंबा)। भटियात उपमंडल के तहत आती ग्राम पंचायत सुरपड़ा और खदेट में कोरोना के नए मामले आने के बाद हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने एहतियातन दोनों पंचायतों को सील कर दिया है। साथ ही समीपवर्ती पंचायतें समोट, परसियार, मन्हुता व रूफेणा, परछोड़ को बफर जोन में शामिल किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सील की गई पंचायतों में लोगों की आवाजाही बंद रहेगी। साथ ही लोग मेडिकल इमरजेंसी के दौरान ही आवाजाही कर सकेंगे।
इसके अलावा ग्रामीण जरूरी वस्तुओं के लिए प्रशासन व स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकेंगे। गौरतलब है कि समोट स्वास्थ्य खंड के तहत आती इन पंचायतों में हर दिन कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है। लोगों की लापरवाही भारी पड़ रही है। ऐसे में प्रशासन ने अब विभिन्न पंचायतों को कंटेनमेंट जोन सहित बफर जोन में शामिल किया है। एसडीएम भटियात बचन सिंह न ने बताया कि सुरपड़ा और खदेट पंचायतों को सील किया गया है। यहां पूर्ण रूप से कर्फ्यू लागू रहेगा। लोग कोरोना गाइडलाइन की अनुपालना करें।