चंबा। जिले में गंभीर बीमारी के पीड़ितों और दिव्यांगों को छह महीने से सहारा योजना के तहत पेंशन का लाभ नहीं मिला है। इसके चलते उन्हें अपने स्वास्थ्य की देखभाल करना मुश्किल हो गया है।
जिले में इस योजना के कुल 1,100 लाभार्थी हैं, जो कि हर माह 3,000 रुपये की पेंशन प्राप्त करते हैं। पेंशन कब खाते में आएगी, इसके बारे में भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को भी इस बाबत कोई जानकारी नहीं है, क्योंकि सरकार इसमें सीधे लाभार्थी के खातों में पेंशन डालती है।
विभाग सिर्फ योजना के लिए लाभार्थी का चयन करने तक सीमित है। ऐसे में लाभार्थी जब पेंशन की जानकारी लेने के लिए विभाग के पास जा रहे हैं तो वहां से उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।
इन गंभीर बीमारियों के पीड़ित हैं योजना में शामिल
सहारा योजना में कैंसर, लकवा, हीमोफिलिया, थैलेसीमिया, क्रोनिक रीनल फेल्योर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारियों से पीड़ित लोगों को शामिल किया है। इसके अलावा दिव्यांग भी इस योजना में लाभ ले रहे हैं। इससे उनकी बीमारी के इलाज का खर्च और पालन पोषण होता है, लेकिन अप्रैल के बाद इन लाभार्थियों के खातों में पेंशन की धनराशि नहीं आई है।
सरकार सीधे लाभार्थी के खातों में पैसे डालती है। विभाग सिर्फ योजना के लिए पात्र लोगों का चयन करता है। ऐसे में पैसों के संबंध में विभाग के पास कोई जानकारी नहीं है। डॉ. बिपिन ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंबा