लंबित वित्तीय लाभ और महंगाई भत्ते के एरियर के भुगतान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। डॉ. भीमराव आंबेडकर सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन चंबा की बैठक सोमवार को अध्यक्ष मनोहर लाल की अध्यक्षता में आंबेडकर भवन में हुई। इसमें प्रदेशभर में पेंशनर संगठनों की ओर से किए जा रहे धरना-प्रदर्शन का समर्थन करते हुए 17 नवंबर तक आंदोलन में रोजाना भागीदारी का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने लंबित वित्तीय देनदारियां जारी करने, वर्ष 2023 से देय महंगाई भत्ते का एरियर और 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र और बीमारियों के चलते पेंशनरों पर उपचार का खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में वित्तीय लाभ लंबित रहने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज कर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। साथ ही प्रदेश नेतृत्व से पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर के साथ बैठक कर आगामी रणनीति बनाने का आग्रह किया। बैठक में जितेंद्र सूर्या, राकेश हितेषी, तरसेम चौहान, राजेंद्र अहीर और जीत सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।