लखदाता छिंज मेले में कुश्ती मुकाबलों ने बांधा समां, नशे से दूर रहने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। लखदाता छिंज मेले की बड़ी माली में मंगलेरा के पहलवान सुनील ने बाजी मारकर खिताब अपने नाम किया।
शानदार दांव-पेंच के बाद सुनील को विजेता के रूप में 3100 रुपये और उपविजेता नरेश को 2000 रुपये की इनामी राशि देकर सम्मानित किया गया। कुश्ती मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
ग्राम पंचायत ओहरा के घट्टगला में आयोजित मेले में सेवानिवृत्त सीएमओ डॉ. विपिन ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मेला समिति को 31 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की और आयोजन के लिए समिति व स्थानीय लोगों को बधाई दी।
इस दौरान उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए खेलों को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का माध्यम बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
मेले में अन्य कुश्ती मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन में डलहौजी विधायक डीएस ठाकुर ने मेला समिति को 21 हजार और ड्राइवर कल्याण संघ के मनोज टंडन ने 2100 रुपये की सहयोग राशि दी।
इस मौके पर मेला समिति अध्यक्ष शरीफ मोहम्मद, प्रधान गुड्डू देवी, उपप्रधान विपिन, वांगल पंचायत के उपप्रधान नरेश कुमार, पूर्व उपप्रधान दलीप ठाकुर सहित समिति सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।