चंबा। बैंक लोन की किस्त न भर पाने की वजह से नेपाल मूल के एक व्यक्ति ने चंबा बस स्टैंड में खड़ी निजी बस की छत से फंदा लगाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। लेकिन, उसके फंदे पर झूलने से पहले ही अन्य यात्रियों ने उसे देख लिया। उन्होंने फौरन बस में चढ़कर फंदा लगाने से रोक लिया। साथ ही घटना की सूचना सीटी चौकी पुलिस में दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम बस स्टैंड में पहुंच गई। पुलिस ने फंदा लगाने वाले व्यक्ति को पकड़कर चौकी पहुंचाया। यहां पर उससे खुदकुशी करने के कारणों को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस को दिए बयान में व्यक्ति ने कहा कि वह नेपाल का रहने वाला है। उसने नेपाल में अपनी आवश्यकता के लिए बैंक से लोन लिया था, जोकि ब्याज सहित मौजूदा समय में सात-आठ लाख रुपये हो चुका है।
पैसों की कमी की वजह से वह बैंक लोन की किस्तें भी नहीं भर पा रहा है। इससे दुखी होकर उसने आत्महत्या करने की कोशिश की। चौकी में पुलिस कर्मियों ने उसे समझाया। साथ ही खुदकुशी करने की बजाए मेहनत करके लोन का पैसा चुकता करने के लिए प्रेरित किया। बाद में उसके ठेकेदार को बुलाकर उसे ठेकेदार के हवाले किया।
इनसेट
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि बस स्टैंड में बस की छत से फंदा लगाकर व्यक्ति ने खुदकुशी करने का प्रयास किया है। लेकिन वहां पर मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से रोक लिया। पुलिस ने व्यक्ति को समझाकर ठेकेदार के हवाले कर दिया है।