ब्रंगाल पंचायत में ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे विद्यार्थी
पंचायत ने प्रस्ताव पर प्रशासन ने लगाई है मुहर, लाइब्रेरी के लिए किताबें आने का इंतजार
पंचायत ने पूरी की तैयारियां, दो कमरे, एक बरामदा और एक कंप्यूटर कक्ष की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विकास खंड सलूणी की पांच पंचायतों के सैकड़ों बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए अब 45 से 50 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सरकार के आदेशानुसार ग्राम पंचायत ब्रंगाल में लाइब्रेरी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब महज किताबें आने की देरी है। इसके बाद लाइब्रेरी शुरू करवा दी जाएगी।
क्षेत्र के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए चंबा या फिर सलूणी जाना पड़ता है। चंबा शहर या सलूणी मुख्यालय में कई बच्चों को किराये का कमरा लेकर तैयारी करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने ग्राम सभा के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मुख यह समस्या रखी थी। पंचायत प्रबंधन ने प्रस्ताव पारित कर प्रशासन के पास भेजा। इस पर प्रशासन ने मुहर लगा दी। ब्रंगाल स्थित महिला मंडल में लाइब्रेरी के लिए दो कमरे, एक बरामदा और एक कंप्यूटर कक्ष के लिए व्यवस्था करवा दी है। कुर्सियां और बेंच पहुंच चुके हैं। अब महज किताबों की उपलब्धता होना शेष है।
पाठकों में किरण कुमारी, अमित कुमार, निशा कुमारी, तमन्ना, अरुण, जतिन और राहुल ने कहा कि ब्रंगाल में लाइब्रेरी खुलने से उन्हें काफी खुशी है। अब उन्हें किसी भी प्रतिभागी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए जिला मुख्यालय या फिर अन्य लाइब्रेरी का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ब्रंगाल पंचायत की प्रधान वीना देवी ने बताया कि ब्रगाल में लाइब्रेरी के लिए भवन उपलब्ध है। महिला मंडल के भवन की निचले तल के तीन कमरे, हॉल और बरामदा लाइब्रेरी के लिए उपलब्ध करवाया गया है। अब किताबें आना शेष है। इसके बाद लाइब्रेरी को शुरू करवा दिया जाएगा।