सलूणी (चंबा)। लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी उस समय गंभीर रूप से चोटिल होने से बाल-बाल बचे, जब अचानक लाइब्रेरी हॉल की छत से सीलिंग नीचे आ गिरीं।
लकड़ी की सीटें पढ़ाई कर रहे करीब एक दर्जन विद्यार्थियों के आसपास ही गिरीं। यदि सीटें विद्यार्थियों के ऊपर गिरतीं तो वे घायल हो सकते थे। इस घटना के बाद विद्यार्थियों में सुरक्षित स्थान की ओर भागने के लिए अफरा-तफरी मच गई। पूरा हॉल उनकी चीखों से गूंज उठा। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी छात्र चोटिल नहीं हुआ है। उधर, इस लाइब्रेरी में करीब 40 विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने आते हैं।
विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत सलूणी के पंचायत घर में यह लाइब्रेरी चलाई जा रही है। बुधवार सुबह 9:00 बजे एक दर्जन विद्यार्थी लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इस बीच, अचानक छत पर लगी लकड़ी की सीटें एक-एक कर नीचे गिर पड़ीं। घटना के समय लाइब्रेरी में एक दर्जन विद्यार्थी थे। यदि लाइब्रेरी विद्यार्थियों से भरी होती तो कई छात्र गंभीर रूप से चोटिल हो सकते थे। लाइब्रेरी में पढ़ने वाले विद्यार्थी स्थानीय प्रशासन से लाइब्रेरी को सुरक्षित भवन में शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। सलूणी पंचायत सहित आसपास की पंचायतों के विद्यार्थी इस लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए आते हैं। ऐसे में लाइब्रेरी का सुरक्षित भवन में होना काफी आवश्यक है।
सलूणी पंचायत के प्रधान मान सिंह ने बताया कि छत गिरने से कोई छात्र घायल नहीं हुआ है। शीघ्र छत की मरम्मत करवाने की व्यवस्था की जाएगी। छात्रों की सुरक्षा को लेकर लाइब्रेरी में पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।