घाटी से बाहर रह रहे अभिभावकों ने भेजे बच्चों के दस्तावेज
हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सचिव से मिली अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन धर्मशाला में तीन विद्यार्थी एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल पांगी की छठी कक्षा के लिए प्रवेश परीक्षा देंगे। अमर उजाला में प्रमुखता के आधार पर खबर प्रकाशित होने पर शिक्षा खंड पांगी को तीन विद्यार्थियों के भारी बर्फबारी के कारण पांगी घाटी से बाहर होने की सूचना मिली। अभिभावकों ने बच्चों की पूरी जानकारी शिक्षा खंड पांगी के ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर के साथ साझा करने के बाद अब हिमाचल प्रदेश बोर्ड के सचिव से उनकी परीक्षा धर्मशाला में करवाने की अनुमति मिल गई है।
शिक्षा खंड पांगी के ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर एवं पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किलाड़ के प्रधानाचार्य भगवान दास ने बताया कि एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल में प्रवेश परीक्षा के बारे में जारी सूचना के आधार पर कुल तीन बच्चों ने अपनी डिटेल भेजी थी। उन बच्चों के लिए सचिव हिमाचल प्रदेश बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन धर्मशाला से अप्रूवल मिल गई है। अनुमति के अनुसार अब वे विद्यार्थी अपने एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल की छठी कक्षा के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा को हिमाचल प्रदेश बोर्ड आफ स्कूल एजुकेशन धर्मशाला में दे सकते हैं। यदि इन तीन बच्चों के अलावा कोई और विद्यार्थी जिन्होंने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है और घाटी से बाहर हैं, वे सभी 23 तारीख को होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए अगर पांगी परीक्षा केंद्र में नहीं पहुंच सकते हैं तो वे सभी 22 मार्च को हिमाचल प्रदेश बोर्ड आफ स्कूल एजुकेशन धर्मशाला के कार्यालय में अपनी डिटेल जमा करवा कर प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र हासिल कर सकते हैं।