चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा में वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त प्रोफेसर भुवन विज बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहीं। सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षा की प्रोफेसर सुनीता महाजन विशेष रूप से मौजूद रहीं। मुख्यातिथि का कॉलेज प्राचार्य डॉ. विद्या सागर शर्मा ने स्वागत किया। साथ ही उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सरस्वती वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज हुआ। इसके बाद हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों पर कॉलेज विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के मध्यांतर में कॉलेज प्राचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और कॉलेज की शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों के बारे में उपस्थित लोगों को अवगत करवाया। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर मंच का संचालन प्रो. अविनाश ने किया। इस मौके पर कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।