राष्ट्रीय हेल्थ मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम पूरे प्रदेश में शुरू किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत समोट ब्लॉक में तीन मोबाइल हेल्थ टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार सदस्य होंगे। जिसमें एक मेडिकल ऑफिसर, एक फीमेल मेडिकल ऑफिसर एक फार्मासिस्ट और एक महिला स्वास्थ्य कर्मी होंगे।
ये टीमें समोट ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी। इस दौरान जिस किसी भी बच्चे में कोई बीमारी पाई जाती है तो उसे नजदीकी पीएचसी, सीएचसी व जिला अस्पताल के लिए रेफर किया जाएगा।
बीएमओ समोट डॉ. संजय भारद्वाज ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पाई जाने वाली बीमारियों का समय पर उपचार करवाना है। ये टीमें अप्रैल माह के पहले सप्ताह से अपना कार्य शुरू करेंगी और सभी टीमों को गाड़ियां उपलब्ध करवाई जाएंगी।