नो पार्किंग और बिना हेलमेट पर कार्रवाई, ग्रामीण रूटों पर सवारियां ढो रहे मालवाहकों पर नहीं कस रहा शिकंजा
सात साल में 561 सड़क हादसों में 473 लोगों की मौत, ग्रामीण मार्गों पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत
प्रवीण कुमार
चंबा। शहर की सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने में पुलिस मुस्तैद है, लेकिन ग्रामीण मार्गों पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं।
यहां मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोकर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। बसों की सीमित आवाजाही का फायदा उठाकर वाहन संचालक नियमों को ताक पर रख रहे हैं। हैरानी यह है कि आधुनिक वाहन और संसाधन होने के बावजूद यातायात पुलिस की निगरानी ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी नजर नहीं आ रही है।
चंबा-सिढ़कुंड, चंबा-भरमौर, राख-गुराड़, पुखरी-मसरूंड, गागला-धुलाड़ा, धरवाला-सुनारा और भरमौर-बड़ग्रां सहित कई ग्रामीण मार्गों पर मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोई जा रही हैं। इन वाहनों का इस्तेमाल माल ढोने के लिए होता है, लेकिन नियमों को दरकिनार कर इनमें लोगों को सफर करवाया जा रहा है। ऐसे वाहनों से जुड़े हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद इस प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।
शहर में नो पार्किंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में मालवाहक वाहनों और ओवरलोडिंग के खिलाफ वैसी सख्ती दिखाई नहीं देती। थानों और चौकियों की मौजूदगी के बावजूद ऐसी गतिविधियां जारी रहना पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीण मार्गों पर नियमित नाकेबंदी और गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन संचालकों पर कार्रवाई हो सके।
सात साल में 473 लोगों की मौत
जिले में वर्ष 2020 से 2026 तक 561 सड़क हादसे दर्ज किए गए। इनमें 473 लोगों की मौत हुई, जबकि 930 घायल हुए। वर्ष 2020 और 2022 में सबसे अधिक 98-98 दुर्घटनाएं हुईं। वहीं, वर्ष 2021 में 85 लोगों की जान गई, जो दिए गए आंकड़ों में सर्वाधिक है।
वर्ष
दुर्घटनाएं
मौतें
घायल
2020
98
71
188
2021
93
85
166
2022
98
73
172
2023
94
62
128
2024
79
66
114
2025
68
58
116
2026
31
43
46
शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काटे जाते हैं, लेकिन ग्रामीण सड़कों पर मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने के मामलों में कार्रवाई का अभाव है। - चमन
पुलिस को ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर नाकेबंदी बढ़ानी चाहिए। यातायात पुलिस को भी अपना दायरा विस्तृत करना होगा, तभी हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। - रवि कुमार
यातायात पुलिस को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वहां नियमों की अनदेखी पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। - संजय शर्मा
जब तक मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने और ओवरलोडिंग पर शिकंजा नहीं कसा जाएगा, तब तक सड़क हादसों पर रोक लगाना मुश्किल होगा। - रिंकू ठाकुर
यातायात पुलिस की बीट निर्धारित है। कर्मचारी नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में निगरानी रखते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नाकेबंदी की जाती है। जिन मार्गों पर मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने की शिकायतें मिल रही हैं, वहां नाके लगाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - बलदेव दत्त शर्मा, डीएसपी