जुलाहकड़ी, हरदासपुरा और मुगला में बेतरतीब खड़े वाहनों से बिगड़ी व्यवस्था, दुकानदारों और वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के बाजारों में सड़कें अब आवाजाही से ज्यादा वाहनों की पार्किंग के काम आ रही हैं। जुलाहकड़ी, हरदासपुरा और मुगला बाजार में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों ने रास्ते संकरे कर दिए हैं।
हालात ऐसे हैं कि आमने-सामने दो वाहन आने पर चालकों को निकलने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है, जबकि पैदल राहगीरों को कई बार सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों और दुकानदारों को भी इस अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बड़े हिस्से पर वाहन खड़े होने से दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। व्यस्त समय में समस्या और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर पार्किंग के कारण आम जनता की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और नगर परिषद से बेतरतीब पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, डीएसपी चंबा बलदेव दत्त ने बताया कि शहर में समय-समय पर सड़कों पर बेतरतीब तरीके से पार्क वाहनों को हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करते हुए राहगीरों की आवाजाही प्रभावित नहीं करनी चाहिए। वहीं, नगर परिषद चंबा की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निचले तल पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। इसके अलावा आगामी समय में नए पार्किंग स्थल भी विकसित किए जा रहे हैं।
सड़क के किनारे बेतरतीब वाहन खड़े होने से लोगों को परेशानी होती है। दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत आ सकती है। प्रशासन को पार्किंग के लिए उचित स्थान तय करने चाहिए। -शम्मी कुमार
सड़क के किनारे वाहन खड़े होने के कारण पैदल चलने वालों के लिए जगह कम हो जाती है। कई बार सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जो जोखिम भरा है। -पवन कुमार
जुलाहकड़ी, हरदासपुरा और मुगला बाजार में पार्किंग की समस्या पर निगरानी जरूरी है। चालकों को समझना चाहिए कि सड़क पर वाहन खड़ा करने से रास्ता बाधित नहीं होना चाहिए। - मेहुल कुमार
शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ पार्किंग स्थलों की जरूरत बढ़ी है। प्रशासन को व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवानी चाहिए, ताकि लोग सड़क किनारे वाहन खड़े न करें। - हर्षित कुमार