बाजार की संकरी सड़क पर झुंड में बैठते हैं पशु, लोगों ने गोसदनों में भेजने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। नगर पंचायत बनीखेत में लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बाजार की सड़कों पर आए दिन पशुओं के झुंड घूमते और बीच सड़क पर बैठे नजर आते हैं।
इससे यातायात प्रभावित होने के साथ राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लावारिस पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों और गोसदनों में भेजने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बनीखेत बाजार की सड़क पहले ही काफी संकरी है। ऐसे में जब पशु झुंड में सड़क के बीचोंबीच बैठ जाते हैं तो वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। वाहन चालकों को पशुओं के बीच से निकलना पड़ता है जिससे अचानक दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। कई बार बाजार में जाम जैसी स्थिति भी पैदा हो जाती है।
लावारिस पशुओं से राहगीरों को भी खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कई बार पशु राहगीरों पर हमला कर देते हैं। वहीं, दुकानों के बाहर रखा सामान भी पशु खराब कर देते हैं। सबसे अधिक परेशानी सब्जी विक्रेताओं को झेलनी पड़ रही है। पशुओं के सब्जियां खाने और उन्हें नुकसान पहुंचाने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी विजय कुमार, अनिल कुमार, नीरज कुमार और पंकज कुमार ने बताया कि लावारिस पशुओं के कारण बाजार में रोजाना परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पशुओं को पकड़कर गोसदनों में भेजा जाए ताकि बाजार में यातायात सुचारु होने के साथ हादसों का खतरा भी कम हो सके।
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने बताया कि लावारिस पशुओं को गोशालाओं में पहुंचाने को लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।