खंडामुख-होली मार्ग सुहाग के पास अवरुद्ध होने के बाद स्थिति का जायजा लेने पहुंचे उपायुक्त मुक
भरमौर (चंबा)। खड़ामुख-होली मार्ग सुहागा में भूस्खलन होने के कारण पिछले 11 दिन से बंद है। शनिवार को उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने भरमौर-ग्रीमा-ज्यौरा लकड़ी पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ज्यौरा लकड़ी पुल से बड़े और मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद की जाए। पुल की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस विभाग इसकी नियमित निगरानी करे, जिससे अत्यधिक भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस पुल को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने खड़ामुख-होली मार्ग बहाल होते ही ज्यौरा स्टील ब्रिज का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के बारे में भी विचार-विमर्श किया। उपायुक्त ने बताया कि मई तक राशन होली क्षेत्र के डिपुओं में पहुंच चुका है। रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। अन्य वस्तुओं में सब्जी, दूध, ब्रेड और दही इत्यादि वैकल्पिक मार्ग से पहुंचाई जा रही है। क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी आपात स्थिति में मरीजों को भरमौर तक पहुंचाने के लिए छोटे वाहन में एंबुलेंस सर्विस की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
कहा कि परिवहन निगम लोगों की आवाजाही के लिए होली से गरोला तक बस सेवा निश्चित समयसारणी के अनुसार उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने क्षेत्र वासियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं से परिचित है। इस समस्या का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राहुल चौहान, एसडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा, तहसीलदार तेजराम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मीत कुमार भी मौजूद रहे।