चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को चंबा चौगान में शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता 11 से 13 अक्तूबर तक होगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का आयोजन एमबीबीएस बैच 2022, स्पोर्ट्स कमेटी और केंद्रीय छात्र परिषद की ओर से किया जा रहा है। इसमें कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, टेबल टेनिस, कैरम बोर्ड, बास्केटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल और स्नूकर सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता का बैज, टोपी और शॉल पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए खेलकूद बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। इस अवसर पर डॉ. दिलबाग सिंह, डॉ. रोहित ठाकुर, बोधराज, इमरान खान, केंद्रीय छात्र परिषद के सदस्य और मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रशिक्षु मौजूद रहे। संवाद