पांगी पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष से किसी विषय पर चर
पांगी चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के तहत आती नौ पंचायतों में अब सर्दियों में बिजली की समस्या नहीं रहेगी। पांगी पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को करीब 10.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एक मेगावाट सोलर ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास किया। यह प्लांट ग्राम पंचायत करयास के गांव धनवास में लगेगा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को लेकर जरूरी दिशा निर्देश भी अधिकारियों को दिए और परियोजना को बिना विलंब शुरू करने के भी आदेश दिए ताकि घाटी के लोगों को आगामी सर्दियों के सीजन में इसकी सहूलियत मिल सके। राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड की ओर से परियोजना को तैयार किया जाएगा। नौ पंचायतों को इसका लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि हर साल पांगी में सर्दियों में भारी हिमपात होता है। ऐसे में बर्फबारी के बीच नौ पंचायतों में अंधेरा पसर जाता है। बहरहाल, जनजातीय क्षेत्र को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने यहां सोलर ऊर्जा परियोजना का निर्माण करने की पहल की है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद किलाड़ में 3.75 करोड़ रुपये लागत के कृषि विभाग के आवासीय कमरों, राजकीय उच्च विद्यालय लुज में 1.5 करोड़ रुपये लागत से बनने वाले अतिरिक्त कमरों, राजकीय उच्च विद्यालय मिंधल में 1.5 करोड़ रुपये की लागत के अतिरिक्त कमरों, किलाड़ में 2.13 करोड़ रुपये की लागत के मार्केट यार्ड, किलाड़ में 49.42 लाख रुपये लागत के राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के नए कार्यालय, 1.99 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले स्वास्थ्य उप-केन्द्र रेई, 1.99 करोड़ रुपये की लागत के स्वास्थ्य उप-केन्द्र हुड़ान का शिलान्यास किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 20.88 करोड़ रुपये लागत से निर्मित मिनी सचिवालय भवन किलाड़, 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटीआई भवन किलाड़, किलाड़ में 5.29 करोड़ रुपये लागत से निर्मित बस स्टैंड, किलाड़ में 2.98 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड के लिए वैकल्पिक मार्ग, 19.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नागरिक अस्पताल किलाड़ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने किलाड़ में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के एटीएम का शुभारंभ भी किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर समेत कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद रहे।