शनिवार रात मौसम में आये अचानक बदलाव से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी ने सफ़ेद रंग की चादर ओढ़ ली। इस ताजा बर्फबारी के बाद समूचे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है लेकिन पर्यटक इस ताजा बर्फबारी का जम कर मजा ले रहे हैं। डलहौजी के गांधी चौक में दो से तीन इंच व ऊपरी इलाकों आहला, लक्कड़मंडी व डायनकुण्ड क्षेत्रों में लगभग एक से तीन फुट तक ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।
कई दिनों के इंतजार के बाद इस वर्ष की पहली बर्फबारी से पर्यटन व्यवसायी भी खुश हैं। चारों तरफ बर्फ ही बर्फ देख पर्यटक खूब मस्ती कर रहे हैं। शनिवार तक डलहौजी में धूप खिली हुई थी व देर रात को मौसम ने रंग बदलते हुए डलहौजी में आसमान में सफ़ेद चांदी बरसना शुरू हो गई। कई दिनों से स्थानीय लोग भी इस बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। इस ताजा बर्फबारी के बाद अब यहाँ पर्यटकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
गुजरात से डलहौजी घूमने आए पर्यटक नीलेश ने बताया कि कल शाम तक यहाँ बर्फबारी की कोई उम्मीद नहीं थी और सुबह होते ही यहां हर तरफ बर्फ ही बर्फ थी और वह इस ताजा बर्फ बारी का अपने दोस्तों के संग खूब मजा ले रहे हैं। वहीं स्थानीय निवासी सुनील ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद यह बर्फबारी हुई है व लोगों ने राहत की सांस ली है।