डलहौजी के लक्कड़ मंडी में ताजा बर्फबारी के बीच मस्ती करते सैलानी।
- फोटो : Chamba
चंबा। जिला एक बार फिर प्रचंड शीतलहर की चपेट में आ गया है। दोपहर बाद जिला में मौसम ने करवट ली। निचले क्षेत्रों में जहां बारिश शुरू हो गई वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में एक से तीन इंच तक हिमपात हुआ। बारिश अज्ञैर बर्फबारी के कारण जिला में तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई है। इसके चलते जिला भर में प्रचंड ठंड पड़ रही है।
खज्जियार, लक्कड़ मंडी, जोत, कुट, कालाटोप, डैणकुंड, लक्कड़मंडी, भरमौर और होली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। करीब दो सप्ताह के बाद जिला में बारिश हुई। वहीं खज्जियार लक्कड़मंडी, जोत में वाहनों की आवाजाही जोखिमभरी हो गई है। प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से आह्वान किया है कि बारिश और बर्फबारी के दौरान घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। गौरतलब है कि जिला मुख्यालय में इस बार बर्फबारी नहीं हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीसरी मर्तबा बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी से खज्जियार और डलहौजी में पर्यटन व्यवसाय के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद कारोबारी लगा रहे है।
कुल मिलाकर बारिश और बर्फबारी से जहां लोगों की दुश्वारियां बढ़ी हैं वहीं दूसरी तरफ पर्यटन कारोबारियों के लिए राहत लेकर भी आई है।
जनजातीय क्षेत्र पांगी में भी बर्फबारी जारी
वहीं जनजातीय क्षेत्र पांगी में एक बार फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इसके चलते ग्रामीणों की दिक्कतें काफी बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने बताया पहले की बर्फ अभी पिघली नहीं है। दोबारा बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्र लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।