ताजा हिमपात के बाद पांगी की पहाड़ियों का नजारा।
- फोटो : Chamba
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में दो दिन से हो रही बारिश से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ियों पर पांच से छह और मध्य क्षेत्रों में दो से तीन इंच तक हिमपात हुआ है। इससे जहां समूचा पांगी इलाका प्रचंड ठंड की चपेट में आ गया है तो वहीं, किसानों और बागवानों को भी नुकसान पहुंचा है।
बागवान रमेश कुमार, किशन सिंह, राम कुमार, हरि नाथ, शंकर प्रसाद और जीवन ने बताया कि बर्फबारी की वजह से मटर की फसल बरबाद हो गई है। वहीं, दूसरी तरफ ताजा बर्फबारी की वजह से घाटी के सात बस रूटों पर बसों की आवाजाही ठप हो गई है। अड्डा प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि बस रूट प्रभावित होने से नुकसान हुआ है।
वहीं, जिला मुख्यालय में भी मंगलवार रात बारिश की वजह से साठ बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता रूमेल सिंह ने बताया कि बारिश की वजह से बंद ट्रांसफार्मरों को सुचारु कर दिया गया है।