चंबा। जमा दो कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान छह नकलची परीक्षार्थियों को प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते ने धर दबोचा है। टीम ने यह कार्रवाई परीक्षा केंद्र सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुंडला में निरीक्षण के दौरान की। दोपहर बाद यहां एसओएस की परीक्षा थी। पकड़े गए नकलची परीक्षार्थियों के केस बनाए गए हैं। इसके साथ ही आगामी कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले सुबह के समय विभागीय उड़नदस्ते ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल लिग्गा और गुरुकुल पब्लिक स्कूल लचोड़ी में दबिश दी। यहां कोई भी नकल का मामला सामने नहीं आया। बुधवार को जमा दो कक्षा की हिंदी, केमिस्ट्री और आठवीं कक्षा के संस्कृत की परीक्षा थी।
उक्त छह नकल के मामले हिंदी विषय की परीक्षा में सामने आए हैं। दूसरी तरफ उच्च शिक्षा विभाग चंबा के उड़नदस्ते ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैहला और सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंगला में दबिश दी। लेकिन यहां नकल का कोई मामला सामने नहीं आया।
जिला उपशिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र सुंडला में एसओएस की हिंदी विषय की परीक्षा में छह नकल के मामले पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि अन्य स्कूलों में भी दबिश दी गई।