पांगी की दो अलग-अलग पंचायतों में भाई-बहन बने पंचायत प्रतिनिधि
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में पंचायत चुनाव ने इस बार एक अनोखी मिसाल पेश की है। पहली बार ऐसा हुआ है कि दो अलग-अलग पंचायतों में गांव की सरकार की जिम्मेदारी भाई और बहन के हाथों में आई है।
ग्राम पंचायत किलाड़-1 से रोहित ने उपप्रधान पद पर जीत दर्ज की है जबकि उनकी बहन बिलो नेगी पंचायत धरवास की प्रधान चुनी गई हैं। दोनों भाई-बहन अपनी-अपनी पंचायतों में ग्रामीण विकास और जनहित के कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। बिलो नेगी का विवाह वर्ष 2021 में परमस गांव से चलौली निवासी कृष नेगी के साथ हुआ था। दिलचस्प बात यह है कि बिलो नेगी के मायके पक्ष से पहले कोई भी सदस्य सक्रिय राजनीति में नहीं रहा। हालांकि, उनके ससुराल पक्ष का पंचायत राजनीति से जुड़ाव रहा है। विवाह के अगले ही वर्ष उनके पति कृष नेगी ग्राम पंचायत धरवास में उपप्रधान पद पर निर्वाचित हुए थे। अब बिलो नेगी के प्रधान बनने और उनके भाई रोहित के किलाड़-1 पंचायत में उपप्रधान चुने जाने से पांगी में एक नया राजनीतिक अध्याय जुड़ गया है। स्थानीय लोगों में प्रकाश चंद, अशोक कुमार, दिनेश कुमार, विजय कुमार का कहना है कि पहली बार दो अलग-अलग पंचायतों में भाई-बहन एक साथ जनप्रतिनिधि बनकर गांव की सरकार का हिस्सा बने हैं। पांगी घाटी में इस अनोखी उपलब्धि को लोकतंत्र की नई तस्वीर के रूप में देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि दोनों जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए बेहतर कार्य करेंगे।