गिरफ्तारी के अगले दिन परिजन और ग्रामीण उपायुक्त चंबा से मिले, सौंपा ज्ञापन
कंदला में 1 किलो 402 ग्राम चरस संग दबोची महिला के मामले में आया नया मोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के कंदला में 1 किलो 402 ग्राम चरस के साथ दबोची गई महिला के मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला की गिरफ्तारी के बाद अब महिला के परिजन और ग्रामीण डीसी चंबा के दरबार पहुंचे। परिजनों ने उनकी बेटी को बेवजह फंसाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। परिजनों ने कहा कि उनकी बेटी सरकारी नौकरी करती है, किसी ने रंजिशवश उसे इस मामले में फंसाया है। उपायुक्त चंबा ने मामले की उचित जांच का आश्वासन दिया।
महिला की मां अमीना बेगम बताया कि उसकी बेटी सरकारी नौकरी करती है। बघेईगढ़ में उसकी बेटी का क्वार्टर है। रोजाना सड़क पर अपनी स्कूटी पार्क कर वह घर जाती है। बताया कि बीते रोज वह अपनी स्कूटी की सर्विस करवाने के लिए पति के साथ क्वार्टर से निकली, लेकिन नकरोड़ में पहुंचने पर उसके पति ने हेल्मेट के बिना चालान होने की बात कही। इस पर उन्होंने स्कूटी खड़ी कर उसकी सीट खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं खुल पाई। उन्होंने भंजराडू स्थित मेकेनिक को बुला कर उससे स्कूटी की सीट खुलवाने को कहा। लेकिन सीट न खुलने पर उसने महिला को चंबा पहुंचकर सर्विस करवाने के साथ ही सीट का लॉक भी चेक करवाने की बात कही। इसके बाद वह अपनी स्कूटी लेकर चंबा की ओर निकल पड़ी। कहा कि यदि उनकी बेटी इस प्रकार का काम करती तो वह घबराती। लेकिन, उनकी बेटी बार-बार उसे चरस के बारे में जानकारी न होने की बात कहती रही। बावजूद इसके पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि लोक निर्माण विभाग उपमंडल नकरोड़ स्थित सीसीटीवी कैमरा, नकरोड़ स्थित दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की एक सप्ताह तक की फुटेज चेक करवाई जाए। उन्होंने कार्रवाई करने वाली एसआईयू टीम के मोबाइल फोन चेक करने की भी मांग उठाई है, ताकि सही आरोपी का पता लगाया जा सके। इस मौके पर शरीफ मुहम्मद, दिलशाद शाह, अमरो, नसीबा, हनीफ मुहम्मद, खैर मुहम्मद, आयूब खान, सुला खान, मंजर, जरीना, आयूब, जुम्मा, इकबाल, बानो, साबर अली, शाह अली, शेर मुहम्मद और शुक्रदीन मौजूद रहे। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि महिला के परिजनों-ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसपी चंबा को लिखा गया है।