सिहुंता (चंबा)। भटियात क्षेत्र में 13 अगस्त को संदिग्ध अवस्था में हुई विवाहिता की मौत के मामले में मायका पक्ष सामने आया है और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला के भाई अविनाश कुमार और माता सीमा देवी ने वीरवार को पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई है। उन्हाेंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या हुई है। उसकी सास उसे परेशान करती थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पूजा की दो साल पहले शादी हुई थी।
13 अगस्त को उन्होंने बेटी से बात की और उससे मिलने के लिए आने की बात कही तो वह काफी खुश थी। इसके करीब एक घंटे के बाद उन्हें ससुराल पक्ष से फोन आया कि उनकी बेटी दिमागी तौर पर बीमार है और उसने पंख से लटककर आत्महत्या कर ली है। उनकी बेटी ने बच्ची को जन्म दिया, तबसे उसकी सास ताने कसने लगी। उसका मायका में जाना भी कम कर दिया। अंतिम संस्कार के दौरान जब मायका पक्ष के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो उन्हें बेटी को छूने और देखने तक नहीं दिया।