निजी भवन से मिलेगी 300 विद्यार्थियों को राहत, स्कूल में चल रही थीं कक्षाएं
पीडब्ल्यूडी 13 करोड़ रुपये से कर रहा है कॉलेज के नए भवन का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। लंबे समय से अपने भवन की प्रतीक्षा कर रहे राजकीय महाविद्यालय सिहुंता के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। कॉलेज की नई इमारत का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
विभाग ने इसी वर्ष इसके निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। नई बिल्डिंग बनने से करीब 300 विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें निजी भवन या स्कूल भवन में कक्षाएं लगाने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी। कॉलेज की स्थापना के बाद से ही लंबे समय तक कक्षाएं स्कूल भवन में संचालित की जा रही थीं। जगह की कमी और सीमित संसाधनों के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब अपने भवन के निर्माण से कॉलेज को स्थायी और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
राजकीय महाविद्यालय सिहुंता की नई इमारत का निर्माण करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से करवाया जा रहा है ताकि भवन का काम जल्द पूरा हो सके। लोक निर्माण विभाग ने फिलहाल जितना टेंडर आवंटित किया गया है, उतने कार्य को जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। नई इमारत बनने के बाद विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्षाएं, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल ठाकुर ने कहा कि जुलाई में करीब 7 करोड़ रुपये के कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने की योजना है, जबकि शेष कार्य भी आगामी चरणों में पूरा किया जाएगा।