बाल विद्यालय चंबा में आयोजित मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन करते उपायुक्त मुकेश रेपसवाल।
चंबा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में समर्थ-2024 अभियान के तहत जिला स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता करवाई गई। सीनियर सेकेंडरी वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिहुंता एवं थल्ली ने संयुक्त रूप से पहला स्थान पाया।
उच्च विद्यालय श्रेणी में राजकीय उच्च विद्यालय टप्पर ने प्रथम स्थान पाया। वरिष्ठ श्रेणी में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गरनोटा ने प्रथम स्थान पाया। पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में सुरक्षित निर्माण प्रथाओं पर जिला स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिताओं में खंड स्तर से चयनित 34 विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे विद्यार्थियों से संवाद किया। उपायुक्त ने कहा कि जिला चंबा प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से अति संवेदनशील है। इसलिए समर्थ-2024 अभियान के तहत लोगों को सुरक्षित निर्माण प्रथाओं पर जागरूक करने को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे विद्यार्थियों को 1100 रुपये प्रति शिक्षण संस्थान देने का एलान किया। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 2500 रुपये देने की भी घोषणा की। इससे पहले उपायुक्त का विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह ने स्वागत किया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, एसडीएम प्रियांशु खाती, उपनिदेशक उच्च शिक्षा प्यार सिंह चाढ़क, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर और ओएसडी प्रारंभिक शिक्षा उमाकांत आनंद उपस्थित रहे।