चंबा। राज्य विद्युत परिषद पेंशनर कल्याण संघ चंबा इकाई की मासिक बैठक शनिवार को हुई। इसकी अध्यक्षता पदाधिकारी विश्वामित्र महाजन ने की।
बैठक में पदाधिकारियों ने बिजली बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया कि जिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों का पे रिवीजन नहीं हुआ है, उसे जल्द करवाने के प्रयास किए जाएं। कहा गया कि कई पेंशनरों को एरियर की पहली किस्त भी जारी नहीं हुई है। पेंशनर इस किस्त का इंतजार कर रहे हैं। बिजली बोर्ड ने एरियर की दूसरी किस्त के भी निर्देश दे दिए हैं, मगर अभी तक किसी भी पेंशनर का भुगतान नहीं हुआ है। सरकार ने 75 साल से अधिक उम्र के सभी पेंशनरों को बकाया एरियर का भुगतान इस वित्तीय वर्ष में करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। एक किस्त का भुगतान इस माह की पेंशन के साथ करने का निर्णय लिया है। पदाधिकारियों ने बोर्ड प्रबंधन से मांग की है कि पड़ोसी राज्य हरियाणा और पंजाब की तर्ज पर जिन पेंशनरों की रिकवरी का समय दस साल से ज्यादा हो गया है, उनकी पेंशन की रिकवरी पर रोक लगाई जाए। बैठक में पवन शर्मा, हरिंदर सिंह, नरेश सेठ, मुकेश बेदी भी मौजूद रहे। इकाई महासचिव दलीप चौणा ने यह जानकारी दी।