भरमौर (चंबा)। चिकन-मटन की दुकान करने वाले दुकानदार के सिर पर दो लोगों ने लोहे का बाट (बट्टा) दे मारा। इससे दुकानदार गंभीर घायल हो गया है।
घायलावस्था में उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दुकानदार को घर भेज दिया गया। पीड़ित व्यक्ति ने भरमौर थाना में दोनों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में पीड़ित केसर सिंह निवासी खड़ामुख ने बताया कि वह खड़ामुख में चिकन-मीट की दुकान चलाते हैं। 20 अप्रैल की रात को करीब 11:00 बजे जब वह दुकान में सो रहे थे। अभिषेक निवासी और लकी निवासी उलांसा दुकान में पहुंचे। दोनों दुकान का दरवाजा खटखटाने लगे। जब दरवाजा खोला तो दोनों गाली-गलौज करने लगे। ऐसा करने से मना करने पर उन्होंने उनके साथ मारपीट करते की और दुकान में पड़े लोहे का बाट सिर पर दे मारा। इससे वह लहूलुहान हो गए। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर दोनों भाग गए। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी भरमौर से दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग है। उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि दुकानदार का सिर फोड़ने की शिकायत पुलिस के पास पहुंची है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुट गई है।