चंबा। चंबा शहर के दुकानदार प्रशासन की ओर से जारी नो मास्क नो सर्विस नियम को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। बाजार की दुकानों में जहां ग्राहक बिना मास्क सामान खरीदने पहुंच रहे हैं तो वहीं दुकानदार भी ग्राहकों को बिना मास्क सामान बेचते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से बाजार के सभी दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी गई थी कि वे दुकानों में बिना मास्क किसी को भी सामान न बेचें।
प्रशासन की हिदायत के बावजूद दुकानदारों ने भले ही अपनी दुकानों के बाहर नो मास्क नो सर्विस के बोर्ड लगा दिए हों लेकिन, उन बोर्ड पर दुकानदार स्वयं अमल नहीं कर रहे हैं। सोमवार को चंबा शहर के बाजार में खरीदारी करने के लिए लोगों की भारी मात्रा में भीड़ उमड़ी। दुकानों में दो गज दूरी के नियम को तो ठेंगा दिखाया गया, वहीं नो मास्क नो सर्विस नियम की भी जमकर अवहेलना की गई। बाजार के गिने-चुने दुकानदार ही नियमों की पालना करते हुए नजर आए।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण चंबा जिला में तेजी से फैल रहा है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने जिला में नो मास्क नो सर्विस नियम को लागू किया है।
पुलिस बाजार के दुकानदारों को बार-बार मास्क लगाने और दो गज की दूरी की कड़ाई से पालना करने के बारे में सचेत करती रहती है। पुलिस के आने पर दुकानदार तुरंत मुंह पर मास्क लगा लेते हैं जबकि पुलिस के जाने के बाद मास्क को तुरंत उतार दिया जाता है।
एसडीएम शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान जारी किए गए नियमों का पालन करना हर व्यक्ति का दायित्व है। बताया कि नो मास्क नो सर्विस नियम का पालन न करने वालों पर सख्ती से निपटा जाएगा।