चंबा। कियाणी स्थित एक कंफेक्शनरी की दुकान आग की भेंट चढ़ गई। अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया। आग से करीब दो लाख के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया। जानकारी के मुताबिक कियाणी निवासी योगेंद्र कुमार पुत्र सुखदेव गांव में ही कंफेक्शनरी और सब्जी की दुकान करता है।
शुक्रवार देर रात करीब एक बजे दुकान के भीतर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठी। दुकान से धुआं उठता देखकर ग्रामीणों ने तुरंत योगेंद्र को सूचित किया। वहीं, घटना के बारे में ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को भी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के लीडर फायरमैन दौलत राम की अगुवाई में फायरमैन महबूब खान, गृहरक्षक मुकेेश कुमार और चालक जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उसके बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का कार्य आरंभ कर दिया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दुकान में रखे तीन फ्रिज, कांउटर, मिठाई, सब्जियां जलकर राख हो चुकी थीं।
पटवारी पंकज सलहोत्रा ने बताया कि कियाणी में कंफेक्शनरी की दुकान जल गई है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधि के साथ मिलकर मौके का जायजा लिया है। कहा कि दुकानदार को अनुमानित दो लाख का नुकसान हुआ है। प्रभावित को राजस्व विभाग की ओर से पांच हजार रुपये फौरी राहत प्रदान की गई है।
पंचायत प्रधान कियाणी सरिता देवी ने जिला प्रशासन से प्रभावित को हरसंभव सहायता प्रदान करने की मांग की है। लीडिंग फायरमैन चैन लाल ने बताया कि कियाणी में कंफेक्शनरी की दुकान जल गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।