चंबा के भरमौर में शिव पार्वती की झांकी के दौरान कलाकार।संवाद
भरमौर (चंबा)। पवित्र महाशिवरात्रि पर्व पर भरमौर में पहली बार शिव की झांकी निकाली गई। इसमें शिव-पार्वती की वेशभूषा में कलाकारों ने शिव भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इतना ही नहीं स्थानीय युवक मंडलों के साथ भरमौर के विधायक डॉक्टर जनकराज भी पारंपरिक परिधान पहनकर शोभायात्रा में शामिल हुए। पुराने बस अड्डे से लेकर चौरासी परिसर तक शिव झांकी निकाली गई। इसमें संचूई के शिव चेले, माता पौण, शिव परिवार की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
जैसे ही झांकी चौरासी परिसर में पहुंची तो पूरा चौरासी परिसर शिवजी के नारों से गूंज उठा। झांकी में शामिल होने वाले लोग शिव भजनों को गाते हुए चौरासी परिसर पहुंचे। इतना ही नहीं झांकी चौरासी परिसर के रास्ते में जहां-जहां पहुंची वहां पर लोगों ने फूल वर्षा करके उसका स्वागत किया। चौरासी पहुंचने पर सर्वप्रथम भगवान शंकर की पूजा की गई। इसके बाद मंदिर में पारंपरिक नाटी डाली गई। इसमें विधायक डॉक्टर जनकराज के साथ भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। भरमौर के इतिहास में पहली बाहर शिवरात्रि पर्व पर यह शिव झांकी निकाली गई। इसका पूरा श्रेय भरमौर के विधायक को जाता है। उनके प्रयासों से ही यह झांकी निकाली गई। इसको लेकर भरमौर में उनकी जमकर सराहना भी हो रही है।