मणिमहेश यात्रा के शाही स्नान को लेकर प्रशासन ने प्रबंध पुख्ता करने शुरू कर दिए हैं। यात्रा में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए अतिरिक्त दंडाधिकारी विनय धीमान व एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर दोनों ने मिलकर पड़ाव का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान एडीएम दुुनाली में स्थिति का जायजा लेने के बाद वापस लौट आए। एसडीएम मणिमहेश के लिए रवाना हो गए हैं। एसडीएम वीरवार शाम तक सभी पड़ाव के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट व सुधार की जानकारी एडीएम भरमौर को देंगे। एडीएम विनय धीमान ने बताया कि जो भी कमियां हैं उसे बड़े स्नान से पूर्व दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि बारिश के कारण कीचड़ भरा है, उसे दुरुस्त किया जाए ताकि पैदल चलने वाले यात्रियों को दिक्कत न हो। गौर हो कि छोटे स्नान से उपमंडल भरमौर में लगभग रोज ही बारिश हो रही है। जिससे हड़सर से सुंदरासी तक रास्ते में कीचड़ भर गया है। जिससे पैदल चलने वाले यात्रियों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। एडीएम विनय धीमान खुद दुनाली तक स्थिति का जायजा लेने गए थे। उन्होंने उपमंडल अधिकारी को सभी पड़ावों की रिपोर्ट वीरवार तक देने के निर्देश दिए हैं ताकि बड़े स्नान तक सभी कमियां दूर की जा सकें।
ड्यूटी से नदारद मिले कर्मचारी : एडीएम
भरमौर। मणिमहेश यात्रा में बुधवार को एडीएम विनय धीमान ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कुछ कर्मचारियों को ड्यूटी से नदारद पाया है। जिस पर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा कोताही पाई गई तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।