चंबा। महाविद्यालय चंबा में एसएफआई ने नीट विवाद को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने कहा कि अव्यवस्थाओं के कारण कई विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
धरना-प्रदर्शन में एसएफआई के सदस्य जय सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसएफआई इकाई के अध्यक्ष चैन लाल ने नीट मामले को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 3 मई को आयोजित नीट में देशभर से करीब 22.7 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसके बाद परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों से विद्यार्थियों में मानसिक तनाव बढ़ा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में खामियों और पेपर लीक जैसी घटनाओं से विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को समाप्त करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की। सचिव हसन बट्ट ने भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावित विद्यार्थियों से माफी मांगनी चाहिए। संवाद