रावी नदी में फेंका गया कूड़ा।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। सीवरेज की गंदगी सड़क पर बहने को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जल शक्ति विभाग को नोटिस जारी किया है। इसमें विभाग को सख्त हिदायत दी गई है कि शनि मंदिर हरदासपुरा के पास सड़क पर बह रही सीवरेज की गंदगी को जल्द ठीक करवाया जाए। अन्यथा बोर्ड विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा।
सीवरेज की गंदगी सड़क से होते हुए रावी नदी तक पहुंच रही है। इससे नदी का पानी प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने भी कई बार जल शक्ति विभाग को सूचित किया है, लेकिन विभाग की तरफ से कोई उचित कदम नहीं उठाए गए। इससे नाराज लोगों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इसकी सूचना दी।
बोर्ड के अधिकारियों ने शनि मंदिर के पास बह रही गंदगी की जांच पड़ताल की। इसमें उन्हें लगा कि इस गंदगी के कारण जहां राहगीरों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है, वहीं रावी नदी का पानी भी इससे दूषित हो रहा है। इसके लिए उन्होंने जल शक्ति विभाग को नोटिस निकाला। इस नोटिस में विभाग को साफ कहा गया कि जल्द सीवरेज की गंदगी का समाधान करें। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नोटिस के बाद जल शक्ति विभाग ने शनि मंदिर के पास सीवरेज चैंबर को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में वहां लोगों को इस गंदगी का सामना नहीं करना पड़ेगा। भविष्य में अगर विभाग इस प्रकार की लापरवाही बरतेगा तो उसके खिलाफ बोर्ड कड़ी कार्रवाई कर सकता है।
नोटिस की अवहेलना पर होगी कार्रवाई
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि जल शक्ति विभाग को नोटिस जारी किया गया है। इसमें उन्हें जल्द से जल्द सीवरेज की गंदगी का स्थाई समाधान करने को कहा गया है। नोटिस की अवहेलना करने पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।