चंबा। बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते ने विभिन्न स्कूलों में दबिश देकर नौ नकलची परीक्षार्थियों को पकड़ा है। टीम ने नकलची परीक्षार्थियों के केस भी बनाए हैं। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते ने जहां सरकारी स्कूलों में दबिश दी वहीं, दूसरी तरफ बनीखेत स्थित बीपीएस स्कूल में भी निरीक्षण करते हुए छह केस बनाए। यहां एसओएस का परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते की अगुवाई उपनिदेशक फौजा सिंह ने की और जिला उपशिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार भी दस्ते में शामिल किए। वहीं, दूसरी तरफ उच्च शिक्षा विभाग चंबा की टीम ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजनगर, मलाल और तेलका में दबिश दी। जबकि इंस्पेक्शन विंग चंबा की टीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर और चनेड़ में निरीक्षण किया। लेकिन यहां कोई भी नकली परीक्षार्थी नहीं पाया गया।
जानकारी के अनुसार प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते ने सुबह के समय नगाली स्कूल में निरीक्षण किया। यहां दसवीं कक्षा का एक और बारहवीं कक्षा का एक केस बनाया। इसके बाद विभागीय उड़नदस्ता दोपहर बाद एसओएस के परीक्षा केंद्र बीपीएस स्कूल बनीखेत पहुंचा। यहां छह नकल के मामले सामने आए।
इसके बाद सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनीखेत में भी टीम ने दबिश दी और यहां जमा दो कक्षा का परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा। सोमवार को बोर्ड कक्षा दसवीं का हिंदी और जमा दो कक्षा का राजनीति शास्त्र की परीक्षा थी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक फौजा सिंह ने बताया कि सोमवार को परीक्षा केंद्रों में निरीक्षण के दौरान 9 केस बनाए। उन्होंने कहा कि एसओएस के तहत सात और नियमित कक्षाओं के दो विद्यार्थी नकल करते पकड़े गए। नकल की रोकथाम के लिए दस्ता सक्रिय रहेगा।