चंबा। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के अब दिन बहुरने वाले हैं। प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को आजीविका अर्जित करवाने के लिए एक बीघा जमीन नामक योजना का शुभारंभ किया है। योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों में शामिल महिलाओं को एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इस राशि से महिलाएं खेतों में कई तरह के कार्य कर पाएंगी। सरकार द्वार इस योजना का आगाज करने का मकसद स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत करना है। योजना के तहत मिलने वाली एक लाख रुपये की राशि को विभिन्न कार्यों के लिए आवंटित किया जाएगा। भूमि सुधार के लिए अस्सी हजार, वर्मी कंपोस्ट पिट तैयार करने के लिए नौ हजार व नर्सरी प्लांट के लिए 11 हजार रुपये की राशि बांटी गई है। महिलाएं सब्जियों सहित फलदार पौधे भी तैयार कर सकती हैं। योजना के लिए पात्रता स्वयं सहायता समूह की महिला का मनरेगा जॉब कार्ड होना अनिवार्य है। योजना के लिए पात्र महिलाओं को साधारण प्रार्थना पत्र देना होगा। इसके बाद पंचायत प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। योजना से संबंधित पंचायत सचिवों को जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। विकास खंड अधिकारी तीसा भवनेश चड्ढा ने बताया कि सरकार की ओर से एक बीघा जमीन योजना कार्यान्वित की गई है। योजना के तहत एक लाख रुपये अनुदान स्वयं सहायता समूहों की सदस्य को दिया जाएगा। इसके लिए मनरेगा जॉब कार्ड होना जरूरी है।