सलूणी (चंबा)। प्राथमिक पाठशाला रंजनी में चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को एसडीएम सलूणी और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी खुद जाएंगे। वह अध्यापकों से मुलाकात करेंगे और इस विवाद को सुलझाने का प्रयास करेंगे।
एसडीएम नवीन कुमार शर्मा और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी जगदीश शर्मा लोगों से बातचीत कर उन्हें बच्चों को स्कूल भेजने के लिए समझाएंगे। पिछले तीन दिन से अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में एक भी स्थायी अध्यापक नहीं है। इस वजह से उनके बच्चों की पढ़ाई नहीं हो रही है। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अभिभावक यह कदम उठाने पर मजबूर हैं। अभिभावकों ने यहां तक कहा है कि यदि स्कूल में शीघ्र स्थायी अध्यापक नहीं भेजा गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसी विवाद को शांत करने के लिए सोमवार को एसडीएम स्वयं ग्रामीणों से मिलने के लिए रंजनी गांव में जाएंगे।