चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में तीन दिवसीय निशुल्क हृदय रोग जांच शिविर में 743 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान 177 के ईको टेस्ट और 313 मरीजों के ईसीजी किए गए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से गंभीर रूप से बीमार 40 मरीजों को शिमला में जांच करवाने की सलाह दी गई। यह शिविर चंबा मिलेनियम पीपल्स सोसायटी की ओर से लगाया गया। रविवार को शिविर का समापन हो गया।
सोसायटी के राज्य अध्यक्ष उपेंद्र सिंह मनकोटिया ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर में आईजीएमसी शिमला के हृदय रोग विशेषज्ञ डाॅ. राजीव मरवाहा और डाॅ. राजेश शर्मा ने मरीजों की निशुल्क जांच की। शिविर का जिले के कई लोगों को लाभ मिला है। सोसायटी लंबे समय से चंबा में शिविर लगा रही है। अब तक 7000 लोगों ने शिविर में स्वास्थ्य लाभ लिया है। इसमें ईको 1500 टेस्ट और 3500 ईसीजी किए गए हैं। इनमें करीब 400 का स्वास्थ्य शिमला में रैफर करने के दौरान किया गया। उनका लक्ष्य है कि आंकाक्षी जिले को हर सुविधा का लाभ मिले। इस मौके पर उपाध्यक्ष भुवनेश पुरी, सचिव कपिल शर्मा, संगठन सचिव विनीत विज, जिला उपाध्यक्ष विनीत विज, उपाध्यक्ष मुकुम, सचिव नरेश राणा, संगठन सचिव हर्ष सहगल, राशिद खान और लियाकत खान मौजूद रहे।