चंबा के चुराह में शिकायत निवारण समिति की समीक्षा बैठक के दौरान पदाधिकारी।संवाद
चुराह (चंबा)। एसडीएम तीसा राजेश कुमार ने दन्तुई, देहरा और चांजू पंचायत का दौरा किया। इस दौरान जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक में उठए गए दो मामलों को लेकर विस्तृत चर्चा की। साथ ही आगामी दिशा निर्देश जारी किए। समीक्षा में सर्वप्रथम चांजू माता मंदिर के संरक्षण एवं सुरक्षा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। उपमंडलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में चल रहे सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े कार्य अत्यंत संवेदनशील होते हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। दूसरे प्रमुख बिंदु के रूप में जल विद्युत परियोजना चांजू–तीन के लिए प्रस्तावित डंपिंग स्थल की स्थिति और प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। अवगत करवाया गया कि डंपिंग स्थल से संबंधित वन स्वीकृति प्रकरण पहले ही परियोजना के पक्ष में स्वीकृत हो चुका है। उपमंडलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डंपिंग स्थल पर होने वाले सभी कार्य पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप हों तथा स्थानीय लोगों की चिंताओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। अपने दौरे के दौरान उपमंडलाधिकारी राजेश कुमार ने स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की शिकायतों का समाधान निर्धारित समय में किया जाएगा तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोपरि रखा जाएगा। समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, परियोजना प्रतिनिधि और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।