चुवाड़ी (चंबा)। भटियात क्षेत्र के तहत आती 71 पंचायतों में अब अंधेरा नहीं पसरेगा। उपमंडल के ककरोटी घट्टा में 33केवी का नया सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। साथ ही बिजली बोर्ड अन्य औपचारिकताओं को पूरा कर रहा है। औपचारिकता पूरी होते ही सब स्टेशन का कार्य शुरू किया जाएगा। सरकार की ओर से इस तरह की पहल करने का मकसद क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाना है। साथ ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मजबूती प्रदान करना है।
जानकारी के अनुसार ककरोटी घट्टा में बनने वाले नए सब स्टेशन पर करीब 50 करोड़ रुपये की राशि व्यय होगी। इस सब स्टेशन के बन जाने से इलाके में दो सब स्टेशन हो जाएंगे। वर्तमान में नरोल गला स्थित सब स्टेशन से इलाके में बिजली आपूर्ति की जा रही है। ऐसे में अगर नरोल गला स्टेशन में कोई दिक्कत आती है तो पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसर जाता है। बहरहाल, इसकी समस्या के समाधान के लिए सरकार और बिजली बोर्ड की ओर से ककरोटी घट्टा में नए सब स्टेशन का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है ताकि क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना पेश आए। इससे बिजली आपूर्ति और सुदृढ़ होगी।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता रंजीत सिंह ने बताया कि नए सब स्टेशन को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। यह सब स्टेशन पूरे भटियात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को और मजबूत करेगा।