लाहडू में नाके के दौरान वाहनों की चेकिंग करते पुलिस के जवान
चुवाड़ी (चंबा)। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शनिवार को एसडीएम चुवाड़ी पारस अग्रवाल ने लाहडू में लगाए नाके का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर डीएसपी चुवाड़ी योगराज चंदेशल भी मौजूद रहे। डीएसपी ने बताया कि नाके के दौरान हरेक वाहन और संदिग्ध व्यक्ति की गहनता से छानबीन की जा रही है। बिना छानबीन के किसी भी वाहन को जिले के भीतर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इसके उपरांत एसडीएम और डीएसपी ने सिविल अस्पताल चुवाड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने सिविल अस्पताल चुवाड़ी के बीएमओ को स्वास्थ्य सुविधाओं में दवाई के स्टाॅक, स्वास्थ्य स्टाफ, इमरजेंसी जनरेटर सुविधा, ऑक्सीजन प्लांट और पार्किंग की व्यवस्था का भी जायजा लिया। कुल मिला कर दोनों देशों के बीच बढ़ रहे तनाव के बाद जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट मोड में रखा गया है। साथ ही सभी प्रकार की स्थितियों से निपटने के लिए उपयुक्त प्रबंध किए जा रहे हैं। हालांकि, शनिवार देर शाम पांच बजे सीजफायर लागू कर दिया गया है।